07 अगस्त 2021

सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के अंतर्गत की जाए कार्यवाही- आयुक्त

 

सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के अंतर्गत की जाए कार्यवाही- आयुक्त


आयुक्त ने सुनी संपूर्ण समाधान दिवस तरबगंज में जन समस्याएं, दिये त्वरित निस्तारण के निर्देश

आयुक्त ने दिए सीमांकन आदेश का पालन न करने पर महंगूपुर क्षेत्र के संबंधित लेखपाल व कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश

आयुक्त, देवीपाटन मंडल श्री एस०वी०एस० रंगाराव व पुलिस महानिरीक्षक आई०जी डॉ० राकेश सिंह के द्वारा संपूर्ण समाधान दिवसों के आकस्मिक निरीक्षणों के क्रम में आज तहसील तरबगंज का निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस में जन सुनवाई करते हुए अवैध कब्जा व वादों के निस्तारण में देरी पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।

          आयुक्त ने निर्देशित किया है कि सभी लेखपाल व कानूनगो से प्रतिमाह यह प्रमाण पत्र लिया जाय कि उनके क्षेत्र में चक मार्ग व अन्य सरकारी भूमि पर किसी का कब्जा नहीं है। उन्होंने विकासखंड-नवाबगंज के अंतर्गत ग्राम-महंगूपुर के निवासी राम सजीवन तिवारी द्वारा यह शिकायत करने पर की उनके भूमि पर विपक्षी द्वारा कब्जा करने तथा वर्ष-2004 में तत्कालीन एस०डी०एम० द्वारा सीमांकन का आदेश दिए जाने के बाद भी आदेश का पालन अब तक न कराए जाने पर संबंधित लेखपाल व कानूनगो को प्रतिकूल प्रविष्टि दिये जाने के निर्देश दिये।

             आयुक्त ने बौरिहा महादेवा निवासी बुजुर्ग महिला शांति देवी पत्नी रामधीरज की वृद्धावस्था को देखते हुए उन्हें अपने समक्ष कुर्सी पर बैठा कर उनकी जन समस्या सुनी। शांति देवी ने आयुक्त को बताया कि प्रवीन सिंह पुत्र अशोक कुमार सिंह द्वारा उनकी जमीन बैनामा करा ली गई है तथा उसका पैसा भी उन्हें नहीं दिया गया है। इस प्रकरण में आयुक्त ने थानाध्यक्ष तरबगंज को निर्देशित कि वे तत्काल प्रकरण में कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। 

              बौरिहा की ही निवासी विंदु सोनी पत्नी सूरज सोनी ने भी शिकायत की कि उनकी भूमि को रजवंता पत्नी कन्हैयालाल ने रेहन पर लिया था किंतु उन्होंने उस भूमि का फर्जी बैनामा धर्मेंद्र सिंह को कर दिया और उससे संबंधित पैसा भी उन्हें नहीं दिया गया। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने तहसीलदार व थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि इस प्रकरण में भी तत्काल कार्यवाही करें।

            आयुक्त ने संपूर्ण समाधान दिवस में सरकारी भूमि पर अनाधिकृत कब्जा की कई शिकायतें आने पर निर्देशित किया है कि सभी संबंधित अधिकारी सरकारी भूमि से अनाधिकृत कब्जा तत्काल हटवाएं और सरकारी भूमि कब्जा करने वालों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के अंतर्गत कार्यवाही करें उन्होंने कहा है कि ऐसे मामलों का थाना दिवस के अवसर पर विशेष संज्ञान लेकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाय। उन्होंने यह भी कहा कि तरबगंज में आयोजित होने वाले थाना दिवसों पर वे स्वयं निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का संज्ञान लेंगे।

         संपूर्ण समाधान दिवस में विकासखंड नवाबगंज के दुर्जनपुर निवासी जहूरदीन पुत्र रोशनजमा ने शिकायत की कि उनके यहां चक मार्ग खाली कराया गया था किंतु विपक्षी ने पुनः कब्जा कर लिया है। इस पर आयुक्त ने वजीरगंज के क्षेत्रीय लेखपाल को निर्देशित किया कि वे तत्काल चक मार्ग खाली कराएं। विकासखंड तरबगंज के भानपुर के निवासी प्रेम कुमार सिंह पुत्र शिव प्रसाद सिंह की शिकायत थी कि उनके भूमि में ग्राम प्रधान द्वारा इंडिया मार्क-2 हैंड पंप लगवाया गया था जिसके कारण पानी बहने से उन्हें समस्या हो रही है। इस प्रकरण में उन्होंने हैंडपंप का अवशेष भाग निकाले जाने हेतु एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। विकासखंड नवाबगंज की ग्राम पिपरी के निवासिनी रेहाना द्वारा शिकायत की गई की तहसील से सीमांकन के बाद पत्थर लगाया गया था किंतु विपक्षियों द्वारा उसे उखाड़ दिया गया है। इस पर आयुक्त ने एस०डी०एम० व क्षेत्राधिकारी को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विकासखंड तरबगंज के रानीपुर डीहवा निवासी रामप्रवेश पांडे की शिकायत थी की उनके घर के सामने बने गंदे नाले की सफाई न होने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है, इस पर आयुक्त ने खंड विकास अधिकारी तरबगंज को निर्देशित किया कि वे तत्काल गंदे नाले की सफाई कराएं। उन्होंने विकासखंड बेलसर की देवरदा निवासी केशराज देवी द्वारा बिना सीमांकन के बाउंड्री वाल बनाए जाने के प्रकरण में एस०डी०एम० तरबगंज को जांच कर नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।

           इस अवसर पर तहसीलदार पैगाम हैदर संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।

Back to Top