11 अगस्त 2021

बदमाशों व पुलिस में आधे घंटे चली मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद इनामी बदमाश गिरफ्तार


बहराइच।
डकैतीकांड के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम व बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। पुलिस व बदमाशों के बीच लगभग आधे घंटे तक रुक-रुककर फायरिंग होती रही। आत्मरक्षा के दौरान पुलिस की ओर से चलाई गई गोली बदमाश के पैर में लगी। गोली लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पकड़े गए बदमाश के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। बदमाश के खिलाफ तीन जिलों में 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ के बाद एएसपी ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।

मोतीपुर थाना क्षेत्र के मिंहीपुरवा कस्बे के जरही रोड निवासी जमाल अहमद पुत्र नफीस अहमद के घर में बीते दो-तीन जुलाई को डकैती पड़ी थी। 20 जुलाई को मोतीपुर थानाध्यक्ष आरपी यादव ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर सामान व जेवर बरामद करने के बाद घटना का खुलासा कर दिया था, लेकिन कुछ बदमाश फरार थे। एसपी सुजाता सिंह ने मोतीपुर थानाध्यक्ष को अन्य आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए थे। एसपी के निर्देश पर मोतीपुर थानाध्यक्ष ने मुखबिर के जाल और मजबूती से बिछाया। रविवार की रात मुखबिर से मोतीपुर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि डकैतीकांड के आरोपी मटेरा थाना क्षेत्र के कोरियनपुरवा मोहरवा नहर पटरी के पास बैठकर किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने उच्चाधिकारियों को बताया।

एसपी ने तत्काल मोतीपुर थानाध्यक्ष को टीम के साथ मौके पर पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए और सहयोग के लिए मटेरा थानाध्यक्ष राम प्रकाश यादव को टीम के साथ सहयोग करने की बात कही। मोतीपुर व मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर नहर पटरी के पास पहुंचकर घेराबंदी शुरू की।। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। पुलिस ने रोकने के लिए घेरा बढ़ाया तो बदमाशों ने फायर झोंकना शुरू कर दिया। पुलिस व बदमाशों के बीच आधे घंटे तक फायरिंग होती रही। इसी दौरान पुलिस की फायर में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर कर अचेत हो गया।

अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार मौके पर पहुंचे। एएसपी ग्रामीण अशोक कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान खीरी जनपद में धौरहरा थाना क्षेत्र के गुदरिया गांव निवासी मनीराम उर्फ मन्नी के रूप में हुई। घटना स्थल से एक तमंचा, चार कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बाइक व 15,300 रुपये बरामद हुए हैं। इसके खिलाफ सीतापुर, लखीमपुर व बहराइच जिले में 37 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 गए बदमाश मनीराम के ऊपर डकैती के ही 22 मुकदमे दर्ज हैं। लखीमपुर में कई मामलों में वांछित भी चल रहा था। बदमाश को पकड़ने के लिए खीरी पुलिस के अलावा वहां की एसओजी को भी तलाश थी, लेकिन जिले की पुलिस ने एसपी के निर्देश पर बदमाश को गिरफ्तार कर सफलता प्राप्त की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

कमेन्ट पालिसी
नोट-अपने वास्तविक नाम व सम्बन्धित आर्टिकल से रिलेटेड कमेन्ट ही करे। नाइस,थैक्स,अवेसम जैसे शार्ट कमेन्ट का प्रयोग न करे। कमेन्ट सेक्शन में किसी भी प्रकार का लिंक डालने की कोशिश ना करे। कमेन्ट बॉक्स में किसी भी प्रकार के अभद्र भाषा का प्रयोग न करे । यदि आप कमेन्ट पालिसी के नियमो का प्रयोग नही करेगें तो ऐसे में आपका कमेन्ट स्पैम समझ कर डिलेट कर दिया जायेगा।

Back to Top